नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की लापरवाही के चलते एक युवक की जान चली गई। बाइक सवार युवक सड़क किनारे खुले छोड़े गए गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले के सामने आने के बाद तीन जिम्मेदार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय कमल के रूप में हुई है, जो दिल्ली के कैलाशपुरी का रहने वाला था और HDFC बैंक की रोहिणी ब्रांच में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। गुरुवार रात कमल काम खत्म करने के बाद बाइक से घर के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा, जिससे परिजन चिंतित हो गए।
परिजनों ने आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शुक्रवार तड़के करीब 2.45 बजे कमल के भाई ने जनकपुरी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसी बीच शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि सड़क किनारे करीब 15 फुट गहरे गड्ढे में एक बाइक और युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि बाइक फिसलकर खुले गड्ढे में गिर गई थी, जिससे कमल की मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच में सामने आया कि यह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड की ओर से खोदा गया था, जिसे बिना भरे और बिना किसी चेतावनी के खुला छोड़ दिया गया था। घटना के बाद जल बोर्ड की भारी लापरवाही को लेकर आलोचना शुरू हो गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने जांच के आदेश दिए हैं। शुरुआती जांच के बाद दिल्ली जल बोर्ड के तीन जिम्मेदार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। यह घटना हाल ही में नोएडा में हुए उस हादसे की याद दिलाती है, जहां एक कार गहरे पानी से भरे गड्ढे में गिरने से युवक की मौत हो गई थी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8153492
Total views : 8172692