कोरबा: जिले के कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले से एक 60 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मंगलवार देर रात चैतमा वनपरिक्षेत्र के अंतर्गत बेरिउमराव गांव के नीमपानी टोला की है। हमले के दौरान महिला का पति खाट के नीचे छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
मृतका की पहचान सुंदरी मझावार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुंदरी अपने पति टिकेश राम मझावार के साथ मंगलवार रात घर के आंगन में सो रही थीं। इसी दौरान एक अकेला जंगली हाथी गांव में घुस आया और जोर-जोर से चिंघाड़ने लगा। आवाज सुनकर टिकेश राम खाट के नीचे छिप गए, जबकि सुंदरी हाथी को देखकर घबरा गईं और भागने की कोशिश करने लगीं। हाथी ने उन्हें दौड़ाकर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद टिकेश राम किसी तरह जान बचाकर वहां से निकले और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने हाथी को भगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
वन अमले ने मृतका के शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। कटघोरा के डीएफओ निशांत झा ने बताया कि उन्होंने सुबह जनप्रतिनिधियों के साथ गांव का दौरा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग द्वारा सतर्कता बढ़ाने और ग्रामीणों को सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8145783
Total views : 8160380