कोरबा: जिले के कोरकोमा क्षेत्र स्थित कुदमुरा उपार्जन केंद्र में बुधवार देर रात एक जंगली हाथी के हमले में मंडी प्रभारी की मौत हो गई। हाथी ने 42 वर्षीय राजेश कुमार सिंह राजपूत को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में उनकी पत्नी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही।
मृतक राजेश कुमार सिंह राजपूत रजगामार के निवासी थे। घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। उस समय राजेश अपनी पत्नी के साथ कुदमुरा उपार्जन केंद्र में सो रहे थे। इसी दौरान एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और अचानक उन पर हमला कर दिया।
चीख-पुकार के बावजूद नहीं मिली मदद
पत्नी की चीख-पुकार के बावजूद रात का समय होने के कारण आसपास कोई मदद के लिए नहीं पहुंच सका। बाद में ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
वन विभाग ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी आसपास के इलाके में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
धान चोरी रोकने के लिए रह रहे थे केंद्र में
जानकारी के अनुसार कुदमुरा उपार्जन केंद्र में धान चोरी की घटनाएं लगातार हो रही थीं। इसी कारण राजेश अपनी पत्नी के साथ अस्थायी झोपड़ी बनाकर केंद्र में ही रहकर निगरानी कर रहे थे।
वन विभाग ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8181041
Total views : 8212714