नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ देश का बजट सत्र–2026 शुरू हो चुका है। बजट सत्र के दूसरे दिन गुरुवार (29 जनवरी) को सरकार संसद में अपना ‘आर्थिक रिपोर्ट कार्ड’ यानी इकोनॉमिक सर्वे पेश करेगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए सरकार के विजन और आर्थिक दिशा पर विस्तार से बात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार की पहचान हमेशा से रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म रही है। उन्होंने कहा, “अब हम रिफॉर्म एक्सप्रेस पर चल पड़े हैं। हम योजनाओं को फाइलों में नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी तक पहुंचाते हैं।”
पीएम मोदी ने कहा कि यह सत्र बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि 21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा पूरा हो चुका है और अब दूसरे चौथाई की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आने वाले 25 साल बेहद अहम हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि यह दूसरे क्वार्टर का पहला बजट होगा और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026 को लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश करेंगी। उन्होंने इसे गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि निर्मला सीतारमण देश की पहली महिला वित्त मंत्री हैं, जो लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत करेंगी।
पीएम मोदी ने भारत–यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि साल की शुरुआत एक सकारात्मक संकेत के साथ हुई है। यह समझौता आने वाले समय में उज्ज्वल आर्थिक संभावनाओं की झलक देता है। उन्होंने देश के मैन्युफैक्चरर्स से अपील की कि वे इस अवसर को सिर्फ बड़े बाजार के रूप में न देखें, बल्कि गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दें। “EU के 27 देशों के खरीदारों का दिल जीतने के लिए बेस्ट क्वालिटी के साथ बाजार में उतरना होगा,” उन्होंने कहा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश अब लंबे समय से लंबित समस्याओं से निकलकर दीर्घकालिक समाधान की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के सभी फैसले ह्यूमन सेंट्रिक होते हैं और आज विपक्ष भी मानता है कि सरकार ने कई क्षेत्रों में प्रभावी काम किया है।
इधर, बजट सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई। लोकसभा में प्रश्नकाल से कार्यवाही की शुरुआत हुई, जबकि राज्यसभा में सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदस्यों को संबोधित किया। राज्यसभा में पहला मुद्दा केरल के प्लांटेशन क्षेत्र से जुड़ा रहा, जिसे CPI सांसद संदोष कुमार पी ने उठाया।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8150903
Total views : 8168441