Viral News Jamui: शादीशुदा महिला ने भतीजे से रचाई शादी, कोर्ट-कचहरी में फंसी पुरानी शादी, वायरल हुआ जमुई केस

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

Viral News Jamui: बिहार के जमुई जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा और सामाजिक सोच दोनों को सवालों के घेरे में ला दिया है। यहां एक शादीशुदा महिला ने अपने पति के ही भतीजे से शादी कर ली।

वो भी तब, जब पति से तलाक की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई थी।

24 वर्षीय आयुषी कुमारी, मूल रूप से पटना की रहने वाली है। उसकी शादी कुछ साल पहले सिकेरिया गांव के विशाल कुमार दुबे से हुई थी। दोनों की एक तीन साल की बेटी भी है। लेकिन इसी बीच, विशाल के भतीजे सचिन दुबे से आयुषी का प्रेम संबंध शुरू हो गया।

बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले एक साल से नजदीकियां बढ़ रही थीं, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गईं। पति विशाल ने जब इस रिश्ते का विरोध किया, तो घर में रोज़ विवाद होने लगा और मामला पुलिस और कोर्ट तक पहुंच गया। विशाल ने पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और तलाक की अर्जी भी दे दी।

लेकिन इस सबके बीच आयुषी ने बड़ा कदम उठा लिया। वो अपने प्रेमी सचिन के साथ घर से भाग गई और पांच दिन बाद गांव लौटकर मंदिर में शादी कर ली। मंदिर में सिंदूर और मंगलसूत्र के साथ शादी को सार्वजनिक रूप से स्वीकार भी कर लिया गया।

शादी के बाद आयुषी ने कहा, “मैं प्रताड़ना से तंग आ चुकी थी। अब सचिन ही मेरा सब कुछ है। बेटी अपने पिता के साथ रहेगी।” सचिन ने भी खुलकर कहा कि वह आयुषी से प्यार करता है और अब दोनों एक साथ ज़िंदगी बिताएंगे।

वहीं, पति विशाल ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा, “अब मुझे कोई लेना-देना नहीं। वो जहां रहे, जैसे रहे, मुझे फर्क नहीं पड़ता।” यह मामला अब गांव की गलियों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का विषय बना हुआ है। एक तरफ लोग इसे प्यार की जीत बता रहे हैं, तो दूसरी ओर इसे रिश्तों की मर्यादा पर चोट मान रहे हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment