केंद्र की 249.56 करोड़ की सहायता से उत्तराखंड के आधारभूत ढांचे को मिलेगी मजबूती: सीएम धामी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

विशेष पूंजी निवेश सहायता योजना के तहत जारी हुई दूसरी किस्त, सड़क-पुल, पेयजल और ऊर्जा परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

देहरादून : केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को विशेष पूंजी निवेश सहायता योजना 2025-26 के तहत 249.56 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी कर दी है। यह राशि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा राज्य सरकार को प्रदान की गई है, जिससे प्रदेश में चल रही और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस वित्तीय सहायता के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उत्तराखंड के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस धनराशि का उपयोग जनोपयोगी विकास कार्यों को आगे बढ़ाने, आर्थिक गतिविधियों को सशक्त करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में किया जाएगा।

सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय से प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। प्राप्त धनराशि का उपयोग सड़क, पुल, पेयजल, ऊर्जा सहित अन्य पूंजीगत परियोजनाओं में पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा, ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरी की जाएंगी और उनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल प्रदेश की बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment