नई दिल्ली/मुंबई: मुंबई के कांदिवली इलाके में मोबाइल फोन चोरी का एक मामूली मामला रविवार रात अचानक हिंसक हो गया। आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर उसके परिवार वालों और समर्थकों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई हुई और सरकारी काम में बाधा डाली गई। घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना कांदिवली के एकतानगर इलाके के पास की है। मोबाइल चोरी को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा था, जिसकी सूचना मिलने पर कांदिवली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस वैन में बैठाने की कोशिश की, तभी माहौल बिगड़ गया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, अनिल यादव का मोबाइल फोन कथित तौर पर नितेश और एलिया नाम के दो लोगों ने छीना था। इसकी जानकारी मिलने पर अनिल ने अपने रिश्तेदार शिवम को बताया। शिवम अपने दोस्तों दशरथ कनौजिया और भीम कनौजिया के साथ नितेश से बात करने पहुंचा। वहां नितेश के साथ पप्पू झा और विक्की सिंह भी मौजूद थे, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी मारपीट में बदल गई।
इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने चलने के लिए कहा। जब पप्पू झा को हिरासत में लिया जा रहा था, तभी उसके पिता चंद्रकांत, मां सुमन, भाई गुड्डू और विक्की सिंह ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस को रोकने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।
पुलिस ने की सख्त कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने ड्यूटी में बाधा डाली और सरकारी कार्य में रुकावट पैदा की। हालात काबू में लाने के बाद पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पप्पू झा के माता-पिता और भाई फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को बोरीवली मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही बाकी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155672
Total views : 8176141