Khandwa: इंस्टाग्राम पर की गई एक विवादित पोस्ट को लेकर गुरुवार देर शाम मोघट थाना क्षेत्र में जमकर हंगामा हो गया। पैगम्बर साहब पर कथित अमर्यादित टिप्पणी से नाराज मुस्लिम युवाओं ने थाना परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। मामले में पुलिस ने 22 नामजद और 25 अज्ञात सहित कुल 47 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, ‘प्रभाकर शिंदे’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से पैगम्बर साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी, जिसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोघट थाने पहुंच गए। सिंघाड़ तलाई निवासी मुजाहिद कुरेशी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रभाकर शिंदे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि गिरफ्तारी के बाद भी विरोध कर रहे लोग शांत नहीं हुए और आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर थाना परिसर में नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। बढ़ते हंगामे को देखते हुए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और पदम नगर थाना सहित रिजर्व पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एएसपी, सीएसपी, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और तहसीलदार की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, हथियार लेकर बवाल करने, शासकीय कर्मचारियों को चोट पहुंचाने और रास्ता रोकने जैसे आरोपों में 22 नामजद सहित 47 लोगों पर BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8163604
Total views : 8188566