UP Accident: यात्रियों से भरी बस और ट्रक की भिड़ंत, 11 वर्षीय किशोर की मौत, 23 घायल

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पूरनपुर राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना गजरौला क्षेत्र में कोहरे के बीच अचानक सामने आए पशु को बचाने के प्रयास में एक ट्रक और यात्रियों से भरी भारत–नेपाल मैत्री सेवा बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जबकि ट्रक सड़क पर ही पलट गया।

इस हादसे में नेपाल निवासी 11 वर्षीय सुभान की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य यात्री घायल हो गए। गजरौला थाना पुलिस के अनुसार, हादसा जरा चौकी क्षेत्र के सकरिया तिराहे के पास हुआ। पीलीभीत की ओर से जा रहा ट्रक अचानक सामने आए पशु को बचाने के लिए मुड़ा, तभी पूरनपुर की ओर से आ रही बस उससे टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पल भर में सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। बस खाई में पलट गई और ट्रक बीच सड़क पर ही उलट गया। कई यात्री सीटों और सामान के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।

सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान घायल 11 वर्षीय सुभान ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीलीभीत मुख्यालय भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी गजरौला ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार सभी यात्री नेपाल के निवासी थे, जो मजदूरी के लिए दिल्ली जा रहे थे। हादसे के बाद राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी प्रयास के बाद सुचारु कराया।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

February 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728

Leave a Comment