रायपुर: छत्तीसगढ़ में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला के केल्हारी थाना क्षेत्र में हुआ, जबकि दूसरा मामला कोरबा जिला के मोरगा पुलिस चौकी इलाके का है।
केल्हारी में अज्ञात वाहन की टक्कर से 3 युवकों की मौत
जानकारी के अनुसार, केल्हारी थाना क्षेत्र में धनुहर नाले के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। केल्हारी थाना प्रभारी मनीष ध्रुवे ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
कोरबा में ट्रेलर-ट्रक भिड़ंत के बाद लगी आग, 2 जिंदा जले
दूसरी घटना कोरबा जिले के मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे हुई। केंदई झरना के पास कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
बताया जा रहा है कि कोयला लोड ट्रेलर कोरबा से आ रहा था, जबकि सीमेंट ट्रक अंबिकापुर की ओर से आ रहा था। तेज रफ्तार और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन से कूदकर बाहर निकल गया, लेकिन सीमेंट ट्रक का ड्राइवर और हेल्पर केबिन में फंस गए और आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए।
सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन कटघोरा से दमकल वाहन पहुंचने में देरी हुई।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8160080
Total views : 8183249