खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में सूदखोरी से जुड़े कथित आर्थिक दबाव के चलते एक भाजपा नेता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक ने मृत्यु पूर्व बयान में एक कांग्रेस नेता पर प्रताड़ना और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक जितेंद्र चौधरी उर्फ जीतू, निवासी लवकुश नगर सेक्टर-3, मंगलवार सुबह बड़गांव भीला रोड स्थित कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद गणेश सकरगाये के घर कथित तौर पर 50 लाख रुपये के लेन-देन का हिसाब करने पहुंचे थे। आरोप है कि ब्याज की राशि चुकाने में असमर्थ रहने पर उन्हें कथित रूप से धमकी दी गई। इसके बाद जीतू चौधरी ने वहीं जहरीला पदार्थ खा लिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां आईसीयू में भर्ती के दौरान उनकी मौत हो गई।
मोघट थाना पुलिस के अनुसार, मृत्यु पूर्व दिए गए बयान में जीतू चौधरी ने आर्थिक दबाव और सूदखोरी के कारण मानसिक तनाव में होने की बात कही है। उन्होंने गणेश सकरगाये पर प्रताड़ना और घर बिकवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि मृत्यु पूर्व बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस घटना के बाद शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8154928
Total views : 8175031