नोएडा: Uttar Pradesh Police के थाना फेज-3 क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती ने कथित ब्लैकमेलिंग और वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकियों से तंग आकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
मृतका की बड़ी बहन अंकिता द्वारा थाना फेज-3 में दी गई तहरीर के मुताबिक, ग्यासी राजपूत, प्रीति सैनी और विपिन यादव नामक तीन लोग युवती को पिछले कुछ दिनों से लगातार परेशान कर रहे थे। आरोप है कि वे आपत्तिजनक वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहे थे।
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने व्हाट्सऐप चैट और वीडियो के जरिए मानसिक दबाव बनाया और पैसों की मांग की। युवती को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर डराया-धमकाया जाता था। जब परिवार ने विरोध किया और कानूनी कार्रवाई की बात कही, तो गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
21 फरवरी को उठाया आत्मघाती कदम
लगातार मानसिक उत्पीड़न के कारण युवती तनाव में रहने लगी थी। परिवार का आरोप है कि इसी प्रताड़ना से आहत होकर उसने 21 फरवरी को आत्महत्या कर ली।
एक आरोपी गिरफ्तार, डिजिटल साक्ष्य जांच में
परिजनों ने आरोपियों द्वारा भेजे गए वीडियो और व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंप दिए हैं। शिकायत के आधार पर एक युवती समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। जांच अधिकारी को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं और डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8161613
Total views : 8185618