झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। घाटी में एक बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कई लोग हताहत हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
राहत और बचाव कार्य के लिए एंबुलेंस को भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस में करीब 80 लोग सवार थे। यह बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से लोध फॉल की ओर जा रही थी। घाटी क्षेत्र में अचानक बस पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
अब तक 5 महिलाओं के शव बरामद किए जा चुके हैं। आशंका जताई जा रही है कि बस के नीचे अभी और शव दबे हो सकते हैं। वहीं कुछ घायलों के बस के नीचे फंसे होने की भी सूचना है, जिन्हें निकालने का प्रयास जारी है।
हादसे के बाद स्थानीय प्रखंड के कई निजी क्लिनिकों के प्रैक्टिशनर भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए हैं और डॉक्टरों के साथ मिलकर घायलों के इलाज में सहयोग कर रहे हैं।
Author: Deepak Mittal









