कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू किया तलाशी अभियान

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को गुरुवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। अज्ञात कॉल और ईमेल के जरिए मिली इन धमकियों के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए संबंधित स्कूलों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एमिटी स्कूल और बिरला विद्या निकेतन समेत राजधानी के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियात के तौर पर एंटी-सबोटेज टीम, बम निरोधक दस्ता, स्थानीय पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस सेवाएं और पीसीआर टीमें मौके पर पहुंच गईं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्रों, शिक्षकों, स्कूल स्टाफ और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

इस बीच, पुलिस ने आम नागरिकों से कहा है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिले तो तुरंत 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।

उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले बुधवार को द्वारका कोर्ट को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी के बाद अदालत परिसर को खाली कराया गया और पुलिस व बम स्क्वॉड ने सघन जांच की, हालांकि बाद में यह सूचना फर्जी पाई गई। पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 9.30 बजे धमकी भरा ईमेल मिला था, लेकिन जांच में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में दिल्ली के स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों को इस तरह की कई फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस की साइबर यूनिट अब ताजा धमकियों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *