Lifestyle: डायबिटीज से पीड़ित लोगों को अपनी डाइट को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी होती है। ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने के साथ-साथ ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन जरूरी होता है, जो शरीर को भरपूर पोषण और ऊर्जा प्रदान करें। बादाम को डायबिटीज मरीजों के लिए एक बेहतरीन सुपरफूड माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, बादाम के नियमित सेवन से ब्लड शुगर लेवल में होने वाले उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
बादाम में विटामिन-E, प्रोटीन, कैल्शियम, फाइबर और मैग्नीशियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि रोज़ाना सीमित मात्रा में बादाम खाने से न सिर्फ शरीर को पोषण मिलता है, बल्कि इंसुलिन की कार्यक्षमता भी बेहतर होती है। वर्ष 2011 में हुई एक स्टडी के मुताबिक, करीब 2 औंस बादाम का सेवन करने से ग्लूकोज लेवल में 45 पॉइंट तक की कमी देखी गई। साथ ही, प्रीडायबिटीज से ग्रस्त लोगों में इंसुलिन सेंसिटिविटी में भी सुधार पाया गया।
मैग्नीशियम की कमी को करता है दूर
विशेषज्ञों के अनुसार, डायबिटीज से पीड़ित लोगों में मैग्नीशियम की कमी होने की संभावना अधिक रहती है, क्योंकि यह मिनरल पेशाब के जरिए शरीर से बाहर निकल जाता है। बादाम मैग्नीशियम का अच्छा स्रोत है, जिससे डायबिटीज मरीजों में इस कमी को पूरा करने में मदद मिलती है।
दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद
हार्ट विशेषज्ञों का कहना है कि डायबिटीज मरीजों में हृदय रोग का खतरा अधिक होता है। बादाम में मौजूद मोनोअनसैचुरेटेड फैट दिल के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। सीमित मात्रा में बादाम खाने से दिल की सेहत बेहतर रहती है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे वजन बढ़ने की आशंका भी कम हो जाती है।
लेबल जांचना है जरूरी
बादाम के साथ-साथ बाजार में उपलब्ध बादाम दूध और बादाम मक्खन जैसे उत्पादों का सेवन करते समय सावधानी जरूरी है। विशेषज्ञों का कहना है कि इन्हें खरीदने से पहले लेबल जरूर जांच लें, क्योंकि इनमें अतिरिक्त शुगर और सोडियम हो सकता है, जो ब्लड शुगर लेवल बढ़ा सकता है।
डॉक्टरों के अनुसार, बादाम को अनाज, ओट्स या स्मूदी में मिलाकर, भिगोकर सीधे या फलों के साथ सेवन किया जा सकता है। कुल मिलाकर, डायबिटीज से पीड़ित लोग अपनी रोज़मर्रा की डाइट में सीमित मात्रा में बादाम शामिल कर ब्लड शुगर को कंट्रोल करने के साथ-साथ संपूर्ण स्वास्थ्य में भी सुधार कर सकते हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8151430
Total views : 8169298