रुद्रेश्वर घाट और रुद्री चौक में निकली जागरूकता रैली, नशा मुक्त समाज के निर्माण का लिया सामूहिक संकल्प
धमतरी। नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा रुद्रेश्वर घाट एवं रुद्री चौक में व्यापक जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों तथा नागरिकों की सहभागिता से आयोजित इस अभियान ने पूरे क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक सशक्त जनसंदेश प्रसारित किया।
अभियान के दौरान जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें मोहनी साहू ने नशे के विरोध में प्रेरणादायी नारे लगाते हुए लोगों को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया। रैली के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली। सभी ने यह संकल्प दोहराया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे तथा नशे की गिरफ्त में आए लोगों को भी इस बुराई से बाहर निकालने के लिए प्रेरित करेंगे। शपथ ग्रहण के दौरान वातावरण जनचेतना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया।
वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे की लत से आर्थिक संकट, पारिवारिक विघटन, सामाजिक असुरक्षा तथा अपराध जैसी गंभीर समस्याएं जन्म लेती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं जागरूक बने और समाज को भी इस अभिशाप से मुक्त करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।

अभियान के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” तथा “नशा मुक्त समाज ही विकसित समाज की पहचान है” जैसे संदेशों ने लोगों को विशेष रूप से आकर्षित किया। उपस्थित जनसमूह ने इन नारों को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सहभागी सभी सामाजिक संगठनों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु भविष्य में भी निरंतर जनजागरूकता अभियान संचालित करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता से समाज को नशे जैसी घातक प्रवृत्ति से मुक्त कर स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भविष्य की ओर अग्रसर किया जा सकता है।
Author: Deepak Mittal









