रायपुर: नवा रायपुर में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने राह चलते लोगों को भी झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार जीजा-साले को इस कदर रौंद दिया कि एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
कार्यक्रम में जाने निकले थे, रास्ते में छिन गई जिंदगी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिंगेश्वर क्षेत्र के ग्राम चरौदा निवासी तीरथ सोनवानी अपने साले गौतम रात्रे के साथ किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने खपरी जा रहे थे। दोनों जैसे ही नवा रायपुर स्थित बालको अस्पताल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि सिर कुचल गया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। बस की चपेट में आने से तीरथ सोनवानी का सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गौतम रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस, परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही राखी थाना क्षेत्र अंतर्गत उपरवारा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव और परिवार में कोहराम मच गया, हर आंख नम हो गई।
तेज रफ्तार फिर बनी काल
इस हादसे ने एक बार फिर नवा रायपुर की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चंद पलों की तेजी ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162766
Total views : 8187325