सुकमा/Odisha: 22 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर अन्वेष उर्फ रेनू की उसके ही संगठन के सदस्यों द्वारा कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, अन्वेष ओडिशा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण की तैयारी कर रहा था, जिसकी भनक लगने पर उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
कंधमाल जिले की पुलिस ने बुधवार को डारिंगबाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाकरी आरक्षित वन क्षेत्र से अन्वेष का क्षत-विक्षत शव कब्र से बरामद किया।
सुक्रू पर हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, राज्य के वांछित नक्सली नेता सुक्रू ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। कंधमाल के पुलिस अधीक्षक Harish BC ने मीडिया को बताया कि अन्वेष की हत्या उस समय की गई जब वह कुछ अन्य माओवादियों के साथ आत्मसमर्पण की तैयारी कर रहा था।
एसपी ने कहा, “यह पुष्टि हो चुकी है कि सुक्रू और उसके साथियों ने अन्वेष की हत्या की है।”
22 लाख का था इनाम
पुलिस के अनुसार, पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का निवासी अन्वेष केकेबीएन (कालाहांडी-कंधमाल-बौध-नयागढ़) डिवीजन का डिवीजनल कमेटी मेंबर (DVCM) और सैन्य प्लाटून कमांडर था। उस पर 22 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
जांच जारी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अन्य संबंधित माओवादियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आत्मसमर्पण की कोशिश करने वाले नक्सलियों के खिलाफ संगठन द्वारा की जा रही हिंसा गंभीर चिंता का विषय है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8204726
Total views : 8243833