“स्वच्छता ही सच्ची पूजा” का संदेश आज भी प्रासंगिक: सीएम विष्णुदेव साय

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: विष्णु देव साय ने कहा कि राष्ट्र संत संत गाडगे बाबा का “स्वच्छता ही सच्ची पूजा” का संदेश आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। वे राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित गाडगे बाबा की 150वीं जयंती के अवसर पर ‘निर्मल दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा ने अपने जीवन और कर्मों से स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी प्रेरणा से ही देश में स्वच्छता के प्रति व्यापक जागरूकता आई है।

स्वच्छ भारत अभियान का किया उल्लेख

सीएम साय ने कहा कि संत गाडगे बाबा के विचारों से उन्हें नरेंद्र मोदी द्वारा 15 अगस्त 2014 को शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान की याद आती है। उन्होंने कहा कि आज यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले चुका है और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में माताओं-बहनों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनधन योजना जैसी पहल से गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों तक पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है।

विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी राज्य सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने शिक्षा को विकास का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कारित और सफल जीवन की आधारशिला है।

उन्होंने समाज से सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संत गाडगे बाबा के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, आरती एवं स्मारिका का विमोचन किया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान बच्चों व समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Comment