रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज आठवां दिन है। आज भी सदन की कार्यवाही हंगामेदार रहने के आसार हैं। बताया जा रहा है कि आज सदन में जंबूरी विवाद और आत्मानंद स्कूलों की स्थिति को लेकर जोरदार चर्चा हो सकती है।
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक उमेश पटेल इस मुद्दे को उठाएंगे, वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी आत्मानंद स्कूलों की स्थिति को लेकर सवाल लगाया है। इन सवालों का जवाब स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सदन में देंगे। इसके अलावा अन्य विभागों से जुड़े सवालों का जवाब मंत्री लखन लाल और डिप्टी सीएम अरुण साव देंगे।
वहीं ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान आयुष्मान योजना के तहत इलाज नहीं मिलने का मामला भी सदन में उठेगा। कांग्रेस विधायक कविता लहरे इस मुद्दे को उठाएंगी। इसके साथ ही विधायक अनुज शर्मा धरसींवा क्षेत्र में उद्योगों के रासायनिक अपशिष्ट से पानी प्रदूषित होने के मामले को ध्यानाकर्षण के जरिए सदन में रखेंगे।
इसके अलावा मंत्री ओपी चौधरी और रामविचार नेताम के विभागों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी। वहीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में विचार किया जाएगा।
गौरतलब है कि मंगलवार को विधानसभा में धान खरीदी के मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा हुआ था। विपक्ष ने ‘मुसवा’ के नाम पर सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2024-25 के सीजन में किसानों से खरीदे गए बड़ी मात्रा में धान को चूहों ने नुकसान पहुंचाया, जबकि कुछ धान भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा बेच दिए जाने या खराब रखरखाव के कारण खराब होने का आरोप भी लगाया गया।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165672
Total views : 8191667