मेरठ: मेरठ के थाना मेडिकल क्षेत्र में 26 जनवरी की रात एक महिला की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान समीना उर्फ मीनू के रूप में हुई है, जो लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इत्तेफाक नगर की रहने वाली थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, समीना की शादी करीब 20 साल पहले भवनपुर थाना क्षेत्र निवासी वकील से हुई थी। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते दोनों अलग रह रहे थे। पति से अलग होने के बाद समीना एक निजी अस्पताल में झाड़ू-पोछा कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थी।
सोमवार रात करीब 8:30 बजे, ड्यूटी खत्म कर समीना घर लौट रही थी। इसी दौरान मेडिकल थाना क्षेत्र में रास्ते में उसके पति वकील ने उसे रोक लिया और चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल समीना की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई शमीम पुत्र मीनुद्दीन की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
थाना मेडिकल पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी वकील पुत्र आस मोहम्मद को गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8243803
Total views : 8292872