मौत का साया बनकर आया हाथी! बारनवापारा अभ्यारण्य में बुजुर्ग की जान ली, गांवों में दहशत का माहौल
— वन विभाग ने परिजनों को दी 25 हजार की सहायता राशि, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
बलौदाबाजार। बारनवापारा अभ्यारण्य क्षेत्र में मंगलवार शाम एक हाथी के हमले से 68 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई, जिससे आसपास के गांवों में भय और दहशत का माहौल फैल गया है। घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक के परिजनों को 25,000 रुपये की अग्रिम सहायता राशि प्रदान की है और क्षेत्र में मुनादी कराकर सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक कनकु राम पिता चमरू लाल, निवासी ग्राम हरदी, अपने खेत की रखवाली के लिए जा रहे थे। रास्ते में डीके जंक्शन बेरियर के पास चौकीदार ने उन्हें रोका था क्योंकि क्षेत्र में एक एकल (लोनर) हाथी विचरण कर रहा था। बावजूद इसके जब वह आगे बढ़े, तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को हाथी से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वन विभाग ने बताया कि वर्तमान में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। गश्ती दल को सक्रिय कर दिया गया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
???? ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों के क्षेत्र में जाने से बचें और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या हाथी मित्र दल को दें।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155715
Total views : 8176198