बिलासपुर: विष्णुदेव साय के बिलासपुर जिले के रहंगी प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रम में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब भाजपा कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए निर्धारित क्षेत्र से आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान सुरक्षा में तैनात जवानों ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में बहसबाजी में बदल गई।
मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं ने स्थिति को बिगड़ता देख तुरंत हस्तक्षेप किया और कार्यकर्ताओं को समझाइश दी। काफी देर तक चली समझाइश के बाद मामला शांत हुआ, जिसके बाद कार्यक्रम नियत समय पर शुरू हो सका। हालांकि घटना के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहंगी में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे हैं। इस दौरान वे 263 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क, पुल, अस्पताल और सिंचाई परियोजनाएं प्रमुख हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कई ग्रामीण मार्गों का उद्घाटन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश के 24.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये की राशि अंतरित करेंगे।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8181090
Total views : 8212779