तांत्रिक बनकर अपहरण व दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो महीने से था फरार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दुर्ग: जिले के जामुल थाना क्षेत्र में युवती से अपहरण, दुष्कर्म और धोखाधड़ी के सनसनीखेज मामले में फरार आरोपी तांत्रिक को पुलिस ने दो महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हेमंत अग्रवाल (41) खुद को तांत्रिक बताकर युवती और उसके परिवार के संपर्क में आया था और तंत्र-मंत्र के नाम पर भरोसा जीतकर लंबे समय तक युवती का शोषण करता रहा।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने समस्याएं दूर करने का झांसा देकर पहले परिवार का विश्वास हासिल किया। इसके बाद शादी का झूठा भरोसा देकर युवती को अपने प्रभाव में ले लिया और पत्नी की तरह साथ रखकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। आरोपी ने युवती के अश्लील वीडियो भी बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक शोषण किया। उसने युवती की मर्जी के बिना आर्य समाज में जबरन शादी करवाई। इस दौरान युवती दो-तीन बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने दबाव डालकर जबरन गर्भपात कराया।

19 नवंबर 2025 को आरोपी दिनदहाड़े युवती को घर से उठाकर कोंडागांव और दंतेवाड़ा ले गया, फिर रायपुर पहुंचा। 21 नवंबर को पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था, लेकिन भिलाई-3 थाने से आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

करीब दो महीने की फरारी के बाद आरोपी की गिरफ्तारी का अहम सुराग भी तंत्र-मंत्र से ही जुड़ा। आरोपी बारनवापारा के जंगलों में रहने वाले एक दूसरे बैगा-तांत्रिक से मिलने गया, जिसकी सूचना पुलिस को मिली। इसी इनपुट के आधार पर जामुल थाना पुलिस ने उड़ीसा, बारनवापारा और बलौदाबाजार इलाके में सघन तलाश शुरू की। कई दिनों की निगरानी के बाद पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के गीतपुरी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जहां वह नाम बदलकर छिपा हुआ था।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का पैदल जुलूस निकाला और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी अमलेश्वर का रहने वाला है। जामुल थाना में उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 918/2025 के तहत बीएनएस की धाराओं 85, 115(2), 64(2)(एम), 138, 351(3) और 89 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *