लोहारीडीह हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी की जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत..

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कवर्धा :  जिले के लोहारीडीह हत्याकांड में गिरफ्तार एक आरोपी प्रशांत साहू की जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था और अस्पताल में इलाज के बाद उसे जेल लाया गया था, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि गांव में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।


रविवार को लोहारीडीह गांव में हिंसा उस समय भड़क गई, जब ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच रघुनाथ साहू के घर को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में उप सरपंच शिवप्रसाद साहू की जलकर मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति लापता है। इस हिंसक झड़प में पुलिस और ग्रामीणों के बीच पथराव भी हुआ, जिसमें कवर्धा के एसपी अभिषेक पल्लव समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

हिंसा के बाद लोहारीडीह गांव में दहशत का माहौल है। गांव के ज्यादातर घरों में ताले लगे हुए हैं, क्योंकि लोग या तो पुलिस की हिरासत में हैं या गांव से फरार हो गए हैं। फरार ग्रामीणों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

इस बीच शिवप्रसाद साहू, जिसकी लाश उसके घर में मिली थी, को पुलिस ने आत्महत्या का मामला बताया है। सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें केवल उसका 8 वर्षीय बेटा शामिल हुआ। शिवप्रसाद की पत्नी पुलिस हिरासत में है, जबकि उसकी बेटियां घर पर हैं, जिन्होंने रघुनाथ साहू पर उनके पिता की हत्या का आरोप लगाया है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल और सैकड़ों बटालियन के जवानों को बुलाया गया। पुलिस ने गांव में प्रवेश कर हालात पर काबू पाया और अब तक 69 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में कुल 170 लोगों को आरोपी बनाया गया है।

लोहारीडीह हिंसा पर राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए घटना को दुखद बताया। उन्होंने कहा, “ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए थीं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रभावित गांव में पुलिस बल तैनात है। मध्यप्रदेश बॉर्डर के पास एक व्यक्ति की लाश मिली है, जिसकी जांच जारी है। इस मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है, और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment