अंबिकापुर : सरगुजा की रहने वाली एक महिला ने अपने तहसीलदार पति पर दहेज की मांग और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि दहेज नहीं देने पर उसके पति ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया और उसका जबरन गर्भपात भी करा दिया।
मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़िता सोमवार को मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पीड़िता रेणु गुप्ता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में विधिवत रूप से राहुल गुप्ता से हुई थी, जो वर्तमान में बस्तर जिले में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं।
शादी के समय दिया गया था 50 लाख का दहेज
रेणु गुप्ता का आरोप है कि शादी के वक्त ही राहुल गुप्ता को 50 लाख रुपये दहेज के रूप में दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त 25 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया। इस संबंध में उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी सुनवाई 29 अक्टूबर को निर्धारित थी, लेकिन आरोपी पति उस दिन उपस्थित नहीं हुआ।
इस पर पीड़िता पहले एसपी कार्यालय पहुंची और बाद में मुख्यमंत्री के सरगुजा दौरे के दौरान उनसे मिलने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर महिला को रोकते हुए उसके पति को एक और नोटिस जारी करने तथा मामले में जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8236486
Total views : 8283947