डौण्डीलोहारा/दल्लीराजहरा
,,,डौण्डीलोहारा क्षेत्र के ग्राम जोगीभाट में हुई हत्या की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने तेज, सटीक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी मुकेश सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि डौण्डीलोहारा पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
घटना 2 अप्रैल 2026 की रात लगभग 10 बजे की है, जब ग्राम जोगीभाट के शीतला मंदिर में ग्रामीणों की बैठक चल रही थी। बैठक के दौरान गांव की समस्याओं को लेकर विवाद बढ़ गया और मामला गाली-गलौज व मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी परमेश्वर देशमुख द्वारा डंडे से मारपीट की जा रही थी, तभी बीच-बचाव करने पहुंचे कुणाल देशमुख पर मुख्य आरोपी सोहन कुमार साहू ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सीने और पेट में गंभीर चोट लगने के कारण कुणाल देशमुख की अस्पताल में मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना डौण्डीलोहारा पुलिस हरकत में आई और टीआई मुकेश सिंह ने स्वयं कमान संभालते हुए तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लगातार दबिश, तकनीकी जांच और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सभी आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
प्रकरण में मुख्य आरोपी सोहन कुमार साहू से हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया गया, वहीं आरोपी परमेश्वर देशमुख से घटना में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया। पुलिस ने पूरे मामले में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
सोहन कुमार साहू पिता बेदलाल साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम जोगीभाट थाना डौण्डीलोहारा जिला बालोद
परमेश्वर देशमुख पिता केजुराम देशमुख, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम जोगीभाट थाना डौण्डीलोहारा जिला बालोद
बेदलाल साहू पिता मनराखन लाल साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम जोगीभाट थाना डौण्डीलोहारा जिला बालोद
टोमन लाल साहू पिता मनराखन लाल साहू, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम जोगीभाट थाना डौण्डीलोहारा जिला बालोद
लोकनाथ यादव पिता बरम यादव, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम जोगीभाट थाना डौण्डीलोहारा जिला बालोद
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन में रणनीतिक तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने कहा कि “गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई हमारी प्राथमिकता है। इस मामले में टीम ने जिस तत्परता और समन्वय के साथ काम किया, वह सराहनीय है। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने कहा कि “घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। इससे साफ है कि पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।”
थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने अपने दमदार अंदाज में कहा कि “अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना के तुरंत बाद हमारी टीम ने हर एंगल से जांच की और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।”
कार्रवाई में इन अधिकारियों-कर्मचारियों की रही अहम भूमिका:
थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अनित राम यादव, प्रधान आरक्षक अरविंद यादव, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक दिगम्बर वर्मा, महिला प्रधान आरक्षक लिलेश्वरी देवांगन, आरक्षक विनोद, अजय, पूनम खरे, धर्मेन्द्र सेन, साइबर सेल प्रभारी बालोद उपनिरीक्षक धरम भुआर्य, आरक्षक संदीप यादव, राहुल मनहरे, आकाश दुबे।
पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता में सुरक्षा और भरोसे का माहौल मजबूत हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस की तेज कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सख्ती से अपराध पर निश्चित रूप से लगाम लगेगी।
पूरे मामले में पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी बारीकी से जांच कर रही है। डौण्डीलोहारा पुलिस की इस बड़ी सफलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सख्त नेतृत्व और मजबूत टीमवर्क से किसी भी अपराध का तेजी से खुलासा किया जा सकता है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8176436
Total views : 8206536