सशक्त मुंगेली की ओर मजबूत कदम,88 लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और सुगम्य केन का वितरण

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल

निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली 8959931111

मुंगेली- जिले में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक अनुकरणीय और ऐतिहासिक पहल की गई। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा अपनी निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के अंतर्गत जिले के 88 दिव्यांगजनों को अत्याधुनिक मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और सुगम्य केन वितरित किए गए। मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, जिला पंचायत सदस्य रजनी मानिक सोनवानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत भारत माता और मां सरस्वती की छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मोहले ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सहायता नहीं, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया गया एक मजबूत कदम है। दिव्यांगजनों के लिए सरकार रोजगार, प्रशिक्षण, आवास, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड जैसी योजनाएं संचालित कर रही है।

उन्होंने दिव्यांगजनों को कौशल उन्नयन कर आत्मनिर्भर बनने प्रोत्साहित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष पांडेय ने कहा कि निःशुल्क सायकल वितरण दिव्यांगों की सहायता के लिए सराहनीय कदम है। इससे दिव्यांगों को दैनिक दिनचर्या के साथ ही आने-जाने में काफी मदद मिलेगी।


कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांगजनों में अपार क्षमता है, आपको ईश्वर ने मानसिक शक्ति एवं दृढ़ता प्रदान की है। आप सभी दिव्यांगजनों को जीवन में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हैं। उन्होंने एक स्थानीय दिव्यांग छात्र का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे उसने 76 प्रतिशत अंक लाकर 12वीं पास की और अब जोधपुर में पढ़ाई कर रहा है, जिसका सपना है कि वह आईएएस बनकर मुंगेली का कलेक्टर बने।

कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को लाभ मिले। उन्होंने दिव्यांगजनों को अपनी क्षमता का भरपूर उपयोग करते हुए आगे बढ़ने प्रेरित किया।


पुलिस कप्तान भोजराम पटेल ने कहा कि दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने सरकार द्वारा विभिन्न कदम उठाए गए हैं। सुविधा का उपयोग कर आगे बढ़ें और स्वयं को सशक्त बनाएं। यह सहयोग आपकी सशक्तिकरण की दिशा में पहला कदम है। उन्होंने दिव्यांगजनों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जुनून और दृढ़ता से सफलता आसान होगी। स्वयं को कभी कमजोर ना समझें, सशक्त और मजबूत रहते हुए आगे बढ़ें।

जिला पंचायत सीईओ ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में एक साथ 88 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान करना एक ऐतिहासिक कदम है। इससे दिव्यांगजनों के जीवन में निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव आएगा। इस दौरान जिले के अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन व उनके परिजन उपस्थित रहे।

समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक नदीम काजी ने बताया कि जिले के 230 दिव्यांगजनों को अत्याधुनिक मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और सुगम्य केन प्रदान करने का लक्ष्य है। 07 और 08 अगस्त को पथरिया और लोरमी विकासखण्ड में भी कार्यक्रम का आयोजन कर ट्रायसाइकिल प्रदान जाएगा।


मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम गोरखपुर की दिव्यांग छात्रा पूजा वर्मा ने बताया कि वे मुंगेली के एक निजी संस्थान में पीएससी कोचिंग कर रही है। दिव्यांग होने के कारण आने-जाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज ट्रायसाइकिल मिल गया है, इससे आने-जाने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए शासन-प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *