राजनांदगांव: जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के आगामी परिणामों में सुधार को लेकर कलेक्टर जितेंद्र यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित प्राचार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी को मिशन मोड में कार्य करना होगा।
खराब प्रदर्शन पर जताई नाराजगी
कलेक्टर ने प्री-बोर्ड परीक्षा में खराब परिणाम देने वाले स्कूलों के प्राचार्यों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संतोषजनक परिणाम नहीं देने वाले प्राचार्यों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। इसी कड़ी में जिले के 20 प्राचार्यों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए कई अहम निर्देश दिए। कमजोर विषयों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित करने, कठिन विषयों को समझाने के लिए विषय विशेषज्ञों की सेवाएं लेने और प्रत्येक स्कूल के शैक्षणिक प्रदर्शन की नियमित समीक्षा करने पर विशेष जोर दिया गया।
नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय के परीक्षा परिणामों की बारीकी से निगरानी की जाएगी। कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों में विशेष प्रयास किए जाएंगे ताकि बोर्ड परीक्षाओं में जिले का परिणाम बेहतर हो सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8191292
Total views : 8226709