स्थानीय प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
जे.के. मिश्र
जिला ब्यूरो चीफ, नवभारत टाइम्स 24x7in, बिलासपुर
बिलासपुर। उसलापुर-सकरी मार्ग स्थित नेचर सिटी सागर होम्स फेस-1 एवं फेस-2 कॉलोनी में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या से कॉलोनीवासी परेशान हैं। सागर होम्स फेस-2 में लगभग 110 मकान हैं, जहाँ करीब 400 लोग निवासरत हैं। यह कॉलोनी वर्ष 2012-13 से आबाद है।
बीते कुछ वर्षों से कॉलोनी में प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक आवारा मवेशी, विशेषकर सांड, मुख्य सड़क पर डेरा जमा लेते हैं। यह समय स्कूल व ऑफिस जाने तथा सीनियर सिटीज़न्स की मॉर्निंग वॉक का होता है। सड़क पर बैठने वाले ये पशु राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं।
इन सांडों के आपसी संघर्ष के चलते कई बार वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। हाल ही में कॉलोनी की एक वरिष्ठ महिला नागरिक पर पीछे से सांड ने हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।
कॉलोनी समिति द्वारा कई बार नगर निगम को इस संबंध में सूचित किया गया। हालांकि निगम द्वारा पशु पकड़ने के लिए वाहन भेजा गया, परंतु वह सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह गया। दो-तीन दिन शांति के बाद समस्या फिर से उसी रूप में सामने आ जाती है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि आवारा पशु अक्सर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। इनके कारण लोगों के बीच आपसी विवाद की स्थिति बनती जा रही है, जो कभी भी किसी अप्रिय घटना का रूप ले सकती है।
पिछले माह आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में भी इस समस्या का लिखित रूप से आवेदन दिया गया था, परंतु आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8156865
Total views : 8178099