रायपुर: विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ का आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 राज्य की मजबूत, संतुलित और विकासोन्मुख अर्थव्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, किसान हित में फैसलों, औद्योगिक निवेश को बढ़ावा और सेवा क्षेत्र के विस्तार से प्रदेश नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) प्रचलित भावों पर बढ़कर लगभग 6 लाख 31 हजार 291 करोड़ रुपये अनुमानित है। वृद्धि दर 11.57 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है।
कृषि क्षेत्र में 12.53% वृद्धि
सीएम साय ने बताया कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में 12.53 प्रतिशत वृद्धि अनुमानित है। यह किसानों की मेहनत, तकनीकी नवाचार, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और सरकार की किसान-हितैषी योजनाओं का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समृद्ध किसान ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं।
उद्योग क्षेत्र का योगदान 49%
आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार उद्योग क्षेत्र में 10.26 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। राज्य की अर्थव्यवस्था में उद्योग का योगदान लगभग 49 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक बताया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश, अधोसंरचना विकास और रोजगार के अवसरों में लगातार वृद्धि हो रही है।
सेवा क्षेत्र में 13.15% की तेजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा क्षेत्र में 13.15 प्रतिशत वृद्धि अनुमानित है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, आईटी और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
प्रति व्यक्ति आय 1.79 लाख रुपये
आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक वर्ष 2025-26 में प्रति व्यक्ति आय बढ़कर लगभग 1.79 लाख रुपये होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.07 प्रतिशत अधिक है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर परिवार की आय बढ़ाना और जीवन स्तर में सुधार लाना है। विकास तभी सार्थक है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8181041
Total views : 8212714