राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने जल संरक्षण से जुड़े मामले में सख्त रुख अपनाया है. भूजल के इस्तेमाल को लेकर उठे सवालों और बार-बार जारी हुए नोटिस के जवाब नहीं देने पर रायपुर समेत तीन अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी गई है. अब बिना एनजीटी की मंजूरी के यहां कोई भी खेल आयोजन नहीं हो सकेंगे.
एनजीटी के अंतरिम आदेश की जद में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम आ गए हैं.
इस मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी. एनजीटी ने कहा कि देश के कई हिस्सों में गंभीर जल संकट की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में खेल परिसरों की जिम्मेदारी है कि वे जल संरक्षण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करें. संबंधित स्टेडियमों में पानी के रीसाइक्लिंग और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग जैसी व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से विकसित नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई है.
Author: Deepak Mittal









