बलौदाबाजार: Baloda Bazar जिले के Palari थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार क्रूजर वाहन ने दो दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियों समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पलारी से करीब तीन किलोमीटर आगे रोहाशी रोड पर एक तेज रफ्तार क्रूजर वाहन का चालक कथित रूप से शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने पहले एक मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक मोटरसाइकिल समेत वाहन के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद क्रूजर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद वाहन ने दूसरी स्कूटी को भी टक्कर मार दी, जिसमें तीन भाई-बहन सवार थे। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शराब के नशे में वाहन चला रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8179634
Total views : 8210776