रायगढ़।
आपातकालीन सेवा डायल 112 को और अधिक सशक्त, अनुशासित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आज पुलिस नियंत्रण कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उप पुलिस अधीक्षक सुशांतो बनर्जी ने की।
बैठक में डायल 112/रेडियो के प्रभारी उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, डायल 112 में पदस्थ आरक्षक तथा वाहन चालक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डायल 112 स्टाफ को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, उत्तरदायित्व और सेवा भावना के साथ कार्य करने हेतु दिशा-निर्देश दिए गए।
समयबद्धता और प्रोफेशनलिज्म पर जोर
उप पुलिस अधीक्षक बनर्जी ने निर्देशित किया कि सभी स्टाफ अपनी ऑनलाइन उपस्थिति समयसीमा के भीतर सुनिश्चित करें, वर्दी में पूर्ण अनुशासन बनाए रखें और उत्कृष्ट कार्यों की रिपोर्ट निर्धारित प्रोफार्मा में ATR (Action Taken Report) के रूप में भेजें। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि डायल 112 की गरिमा बनी रहे और आम जनता को त्वरित तथा भरोसेमंद सेवा प्रदान की जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डायल 112 की जिम्मेदारी केवल घटनास्थल पर समय पर पहुंचने तक सीमित नहीं है, बल्कि कॉलर की हरसंभव सहायता करना प्राथमिक दायित्व है।
सीमित संसाधनों में उत्कृष्ट सेवा
श्री बनर्जी ने डायल 112 स्टाफ के उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कई बार सीमित संसाधनों के बावजूद स्टाफ ने त्वरित प्रतिक्रिया देकर जनमानस का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने कर्मियों को प्रेरित किया कि वे इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ नागरिकों की सहायता करते रहें।
तकनीकी समन्वय और संचार पर भी चर्चा
बैठक के दौरान प्रभारी उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह ने तकनीकी समन्वय और त्वरित संचार की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डायल 112 सेवा की गति और प्रभावशीलता, तकनीकी दक्षता पर भी निर्भर करती है।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें डायल 112 स्टाफ ने भी अपने अनुभव साझा किए और सेवा में निरंतर सुधार व गुणवत्ता बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8180161
Total views : 8211504