रायपुर। राजधानी में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने स्पा सेंटरों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ औचक जांच की गई। कार्रवाई के लिए पुलिस की 15 विशेष टीमें बनाई गई थीं, जिनमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में तीनों जोन में एक साथ जांच की गई। सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में टीमों ने स्पा सेंटरों के दस्तावेज और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में ग्राहकों के आने-जाने का रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली व रिकॉर्डिंग, संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन की जांच की। इसके अलावा कर्मचारियों के आयु संबंधी दस्तावेज, स्टाफ रजिस्टर तथा परिसर के लीज, किराए और स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले गए। पुलिस ने प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की।
जांच के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र के एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों में नियमों के उल्लंघन और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8233665
Total views : 8280466