राजनांदगांव: कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने मनगटा क्षेत्र में स्थित 49 रिसॉर्ट्स पर एक साथ सघन छापेमारी की। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। कार्रवाई में करीब 40 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे, जिन्हें अलग-अलग टीमों में विभाजित कर एक साथ रिसॉर्ट्स में दबिश दी गई।
छापेमारी के दौरान रॉक हाउस रिसॉर्ट, वनांचल रिसॉर्ट, स्काय रिसॉर्ट, डी कास्टल रिसॉर्ट और विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट में अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि हुई। मौके पर मौजूद लोगों को पुलिस ने समझाइश दी और संबंधित रिसॉर्ट संचालकों एवं प्रबंधकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा ग्राम मनगटा स्थित वन चेतना केंद्र के सामने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में पाए गए एक व्यक्ति के खिलाफ धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।
रिसॉर्ट संचालकों को नोटिस, सख्त चेतावनी
अभियान के दौरान सभी रिसॉर्ट संचालकों को विधिवत नोटिस तामील कराए गए। नोटिस में भारतीय न्याय संहिता के तहत लागू नियमों का पालन सुनिश्चित करने की सख्त चेतावनी दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य न केवल अवैध शराब सेवन पर रोक लगाना है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और भविष्य में भी इस तरह के सघन अभियान जारी रहेंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब सेवन या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8150861
Total views : 8168359