मां की मौत से सदमे में बेटे ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कोरबा: जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मां की मौत के सदमे में एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मोहरियामुड़ा निवासी विक्रम कुमार मनहर (19) ने चूहामार दवा का सेवन किया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला हरदीबाजा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, विक्रम की 49 वर्षीय मां सिया बाई लंबे समय से बीमार थीं और इलाज के दौरान 10 अक्टूबर 2025 को उनका निधन हो गया था। मां की मौत के बाद से विक्रम गहरे सदमे में था और पिछले तीन महीनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों के अनुसार वह अक्सर गुमसुम रहता था और किसी से बातचीत नहीं करता था।

विक्रम अपने परिवार का इकलौता बेटा था और बीए फर्स्ट ईयर का छात्र था। मां के निधन के बाद उसने पढ़ाई भी छोड़ दी थी। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उसका डॉक्टरी इलाज भी कराया, लेकिन वह सदमे से बाहर नहीं निकल पाया।

शुक्रवार 6 फरवरी की सुबह विक्रम ने घर पर चूहामार दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल जिला मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment