बिलासपुर में मानवता शर्मसार, पोस्टमार्टम के लिए शव लेने पर रिश्वत की मांग
बिलासपुर। सिम्स मेडिकल कॉलेज के चीरघर (मॉर्चुरी) से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। चौकी प्रभारी एएसआई ढोलाराम मरकाम पर आरोप है कि उन्होंने गरीब ग्रामीण से शव जल्दी दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी। शुरुआत में उन्होंने 500 रुपये की मांग की, और कैमरे पर कैद होने के बाद रकम बढ़ाकर 800 रुपये कर दी।
घटना कोटा क्षेत्र के रिगरिगा निवासी गणेश सिंह सराटिया (65) से जुड़ी है, जिनका इलाज सड़क दुर्घटना में सिम्स अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। उनके बेटे भारत सिंह जब चीरघर पहुंचे, तो एएसआई ने कहा कि जल्दी पोस्टमार्टम करवाने के लिए 500 रुपये देने होंगे।
भारत सिंह ने पैसे न होने की बात कही, लेकिन एएसआई का रवैया नहीं बदला। इस बीच किसी ने घटना मोबाइल कैमरे से रिकॉर्ड कर ली। जैसे ही एएसआई ने कैमरा देखा, वह अंदर चला गया और थोड़ी देर बाद राशि बढ़ाकर 800 रुपये कर दी। वीडियो में यह भी सामने आया कि चीरघर का एक कर्मचारी अपने हिस्से के 300 रुपये की मांग भी कर रहा था।
पैसे जुटाने में भारत सिंह और उनके रिश्तेदार कई घंटे लगे। तब जाकर शव उन्हें सौंपा गया, लेकिन इस बीच मृतक की पत्नी और बेटी बाहर बैठकर रोती रहीं। इस घटना ने अस्पताल और प्रशासन में मानवता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Deepak Mittal








