रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने कथित अवैध संबंध के चलते अपने ही पति की सुपारी देकर हत्या करवा दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी नीतू देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी और वारदात को अंजाम देने वाले शूटरों की तलाश जारी है।
मृतक की पहचान रांची जिले के हुसीर गांव निवासी विजय लोहरा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नीतू देवी का एक युवक के साथ संबंध था। जब पति विजय लोहरा को इस बारे में जानकारी मिली, तो उसने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसी बात से नाराज होकर पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर विजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
अपहरण के बाद हत्या
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी को सुनियोजित तरीके से विजय लोहरा को कार में बैठाकर अपहरण किया गया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को अनगड़ा थाना क्षेत्र के हेसल स्थित रिंग रोड की सर्विस सड़क किनारे सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया, ताकि पहचान और जांच में देरी हो सके।
बाद में शव मिलने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया। आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
इससे पहले भी रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों के चलते हत्या का मामला सामने आया था, जहां हरिहर महतो नामक युवक की कथित रूप से उसकी शादीशुदा प्रेमिका ने अपने पति और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रेमी और सुपारी किलरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या के लिए कितनी राशि की सुपारी दी गई थी और साजिश में और कौन-कौन शामिल था।
फिलहाल, इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8243769
Total views : 8292831