स्कूल समय में बंद मिला विद्यालय, लापरवाही पर प्रधान पाठक समेत 6 शिक्षकों को नोटिस

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

सूरजपुर: जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत सांवारांवा स्थित प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शाला में गुरुवार को लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया। स्कूल समय में विद्यालय का ताला नहीं खुलने के कारण छात्र-छात्राएं बाहर ही बैठे रहे। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक सहित छह शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जानकारी के अनुसार 5 मार्च को सुबह करीब 11 बजे तक सांवारांवा के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शाला बंद पाए गए। विद्यालय परिसर में कोई भी शिक्षक या कर्मचारी उपस्थित नहीं था। इस दौरान पढ़ने आए छात्र-छात्राएं स्कूल के बाहर ही बैठे रहे। शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण बच्चों को मध्यान्ह भोजन भी नहीं मिल सका।

ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी मोबाइल के माध्यम से भैयाथान के विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दी। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने निरीक्षण कराया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में भी बच्चे स्कूल के बाहर बैठे दिखाई दे रहे हैं और विद्यालय में ताला लटका नजर आ रहा है।

मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने प्रधान पाठक सहित छह शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। नोटिस में कहा गया है कि विद्यालय समय में स्कूल बंद पाया जाना और शिक्षकों की अनुपस्थिति शासकीय दायित्व के प्रति गंभीर लापरवाही है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षकों को स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment