‘सत्यमेव जयते’ की तख्ती, नारे और हंगामा… सदन के गर्भगृह तक पहुंचे कांग्रेस विधायक, एक्शन में आसंदी, सभी निलंबित
नेशनल हेराल्ड केस में ED कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सत्ता-विपक्ष में तीखी भिड़ंत
रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन सदन का माहौल उस वक्त पूरी तरह गर्मा गया, जब कांग्रेस के सभी विधायक ‘सत्यमेव जयते’ की तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए सदन में पहुंचे। नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
सत्र की शुरुआत से ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। विपक्ष ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए स्थगन प्रस्ताव रखा, जिसे आसंदी ने अग्राह्य कर दिया। इसके बाद सदन में हंगामा तेज हो गया।
बहस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया, जिस पर अजय चंद्राकर ने कड़ी आपत्ति जताई। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप बढ़ते ही सदन नारेबाजी से गूंज उठा।
इसी बीच कांग्रेस विधायक ‘सत्यमेव जयते’, ‘जांच एजेंसियों का दुरुपयोग बंद करो’, ‘भारत माता की जय’ और ‘महात्मा गांधी की जय’ के नारे लगाते हुए गर्भगृह में प्रवेश कर गए। इसे सदन की मर्यादा का गंभीर उल्लंघन मानते हुए आसंदी ने तत्काल कार्रवाई की।
गर्भगृह में पहुंचते ही सभी विपक्षी सदस्यों को निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई के बाद भी कुछ देर तक सदन में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
इस घटनाक्रम ने शीतकालीन सत्र को और अधिक राजनीतिक रूप से गरमा दिया है, वहीं विधानसभा की कार्यवाही पर भी इसका सीधा असर पड़ा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8179578
Total views : 8210700