सरगांव गौवंश हादसा: प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा
घायल पशुओं को उपचार के लिए भेजा गया, यातायात व्यवस्था सामान्य
निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली 8959931111
मुंगेली- विकासखण्ड पथरिया के रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर स्थित सरगांव के समीप बाजार चौक ग्राम किरना में एक वाहन दुर्घटना में 15 गौवंश पशुओं की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई एवं 03 अन्य गौवंश घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, अपर कलेक्टर जी.एल.यादव, एसडीएम पथरिया अजय कुमार शतरंज, उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. आर. एम. त्रिपाठी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित प्रशासनिक एवं तकनीकी टीम मौके पर पहुँची।
घायल पशुओं को तत्काल उपचार हेतु पशु चिकित्सकों की देखरेख में भेजा गया। वहीं मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कर उन्हें सरगांव के समीप निर्धारित स्थल पर दफनाया गया। प्रशासन एवं पुलिस के संयुक्त प्रयास से दुर्घटनास्थल पर सड़क को शीघ्र साफ किया गया और यातायात व्यवस्था पुनः सामान्य कर दी गई। जिला प्रशासन द्वारा घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है तथा आगे की आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टरएवं पुलिस अधीक्षक ने इस संवेदनशील घटना को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सभी संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8156863
Total views : 8178097