सुकमा: जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र सुकमा द्वारा एक दिवसीय प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप 17 दिसंबर 2025 को आईटीआई सुकमा परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
प्लेसमेंट कैंप में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी योकोहमा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एटीसी टायर्स), दहेज इंडस्ट्रियल एस्टेट, गुजरात द्वारा मशीन ऑपरेटर के 300 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति गुजरात के दहेज औद्योगिक क्षेत्र में की जाएगी।
इस प्लेसमेंट कैंप में जिला सुकमा सहित अन्य जिलों के 10वीं, 12वीं, स्नातक (बीए, बीकॉम, बीएससी), डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं आईटीआई उत्तीर्ण महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, उनकी छायाप्रतियां, आधार कार्ड, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि को प्लेसमेंट कैंप स्थल पर उपस्थित होना होगा। प्लेसमेंट कैंप में भागीदारी पूर्णतः निःशुल्क है।
जिला रोजगार कार्यालय ने योग्य एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के लिए अधिक संख्या में प्लेसमेंट कैंप में शामिल हों।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155717
Total views : 8176200