लीग स्टेज में 6 जीत के साथ आरसीबी का रिकॉर्ड, डब्ल्यूपीएल फाइनल में धमाकेदार एंट्री

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को खेले गए 18वें मुकाबले में यूपी वॉरियर्स को 41 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से हराया। यह डब्ल्यूपीएल इतिहास में आरसीबी की गेंदों के लिहाज से तीसरी सबसे बड़ी जीत है।

इससे पहले इसी सीजन में आरसीबी ने यूपी वॉरियर्स के खिलाफ 47 गेंदें शेष रहते 144 रन का लक्ष्य हासिल किया था, जबकि साल 2024 में गुजरात जायंट्स के खिलाफ बेंगलुरु में 45 गेंदें शेष रहते जीत दर्ज की थी।

आरसीबी ने इस सीजन लीग स्टेज में 8 में से 6 मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली है। यह डब्ल्यूपीएल के एक सीजन में लीग स्टेज की सर्वाधिक जीत का रिकॉर्ड भी है। हालांकि, इस उपलब्धि में आरसीबी संयुक्त रूप से शीर्ष पर है। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स (2023), मुंबई इंडियंस (2023) और दिल्ली कैपिटल्स (2024) भी 6-6 जीत दर्ज कर चुकी हैं।

मुकाबले में कप्तान स्मृति मंधाना ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए 27 गेंदों में 2 छक्कों और 8 चौकों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए। इसके साथ ही मंधाना आरसीबी के लिए सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाली दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं। इस सूची में एलिस पेरी 8 अर्धशतकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि ऋचा घोष 5 अर्धशतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वॉरियर्स की टीम ने 8 विकेट पर 143 रन बनाए। टीम की ओर से दीप्ति शर्मा ने सर्वाधिक 55 रन बनाए, जबकि कप्तान मेग लैनिंग ने 41 रन की पारी खेली। आरसीबी की ओर से नादिन डी क्लार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने 13.1 ओवरों में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। आरसीबी के लिए ग्रेस हैरिस ने 75 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि स्मृति मंधाना 54 रन बनाकर नाबाद रहीं।

इस जीत के साथ आरसीबी ने छठी सफलता हासिल करते हुए फाइनल में जगह पक्की कर ली है। खिताबी मुकाबला 5 फरवरी को इसी मैदान पर खेला जाएगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *