रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय में बीते शनिवार की रात आगजनी की गंभीर घटना सामने आई, जिससे पूरे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग डीईओ कार्यालय के स्टोर रूम में लगी थी, जहां विभाग के महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड रखे हुए थे। इस घटना में दस्तावेजों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है। जांच समिति के अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, संभागीय संयुक्त संचालक, को बनाया गया है।
यह समिति आग लगने के कारणों, हुए नुकसान और किसी भी प्रकार की विभागीय लापरवाही की जांच करेगी। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को लेकर आवश्यक सिफारिशें भी देगी। समिति को पांच दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट DPI को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Author: Deepak Mittal









