रायगढ़। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ठुसेकेला में एक ही परिवार के चार सदस्यों की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या किए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से पुलिस पड़ोसी से पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी मृतक परिवार का ही पड़ोसी है और इस वारदात में एक नाबालिग की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने अभी आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन संभावना है कि आज शाम तक पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
खाद के ढेर में मिली चार लाशें
गुरुवार सुबह राजीव नगर मोहल्ले में बुधराम उरांव (35), उनकी पत्नी सहोदरा (30), बेटा अरविंद (10) और बेटी शिवांगी (6) की लाश घर के पीछे खाद के ढेर में दबाई हुई बरामद हुई। शवों पर कुल्हाड़ी से हमले के निशान मिले हैं।
बड़ी बेटी की बची जान
हत्याकांड के वक्त बुधराम की बड़ी बेटी शिवानी (16) घर पर नहीं थी। वह कोटमार में रिश्तेदारों के यहां रहकर 10वीं की पढ़ाई कर रही है। इस वजह से उसकी जान बच गई।
ऐसे खुला राज
गांव के लोगों ने बताया कि बुधराम राजमिस्त्री का काम करता था। मंगलवार शाम वह काम से घर लौटा था। अगले दिन से उसका घर अंदर से बंद दिखा। गुरुवार सुबह तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने खिड़की से झांका तो कमरे में खून के धब्बे देखे। तुरंत ही खरसिया थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद चारों शव बरामद हुए।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8156282
Total views : 8177118