फाइनल एग्जाम के दौरान इंजीनियरिंग बिल्डिंग में फायरिंग, दो की मौत, 9 छात्र घायल
नई दिल्ली: अमेरिका के रोड आइलैंड स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी शनिवार को उस वक्त दहशत में डूब गई, जब फाइनल एग्जाम के दौरान इंजीनियरिंग बिल्डिंग में एक शख्स ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। काले कपड़ों में आए हमलावर की फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 छात्रों समेत कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस ने 24 वर्षीय बेंजामिन एरिक्शन को हिरासत में लिया है। उसे रविवार तड़के रोड आइलैंड के कोवेंट्री स्थित एक होटल से करीब 11 घंटे की तलाशी अभियान के बाद पकड़ा गया।
संदिग्ध को लेकर कई सवाल
पुलिस के अनुसार, बेंजामिन एरिक्शन वर्तमान में ब्राउन यूनिवर्सिटी का छात्र नहीं है। हालांकि जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या उसका कभी विश्वविद्यालय से कोई शैक्षणिक या अन्य संबंध रहा है। हिरासत में लिए जाने के बावजूद फिलहाल उसके खिलाफ औपचारिक आरोप दर्ज नहीं किए गए हैं।
क्या सेना में भी रहा है संदिग्ध?
मामले में एक अहम मोड़ तब आया, जब यह सामने आया कि एरिक्शन अमेरिकी सेना में सेवा दे चुका है। अमेरिकी सेना के एक प्रतिनिधि के मुताबिक, उसने 2021 से नवंबर 2024 तक थल सेना में बतौर स्पेशलिस्ट सेवा दी थी। सार्वजनिक रिकॉर्ड्स में उसके किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़े होने के संकेत भी मिले हैं, जिसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस को मिले अहम सबूत
जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि हमलावर के पास एक पिस्तौल थी और उसने 9 एमएम के 40 से अधिक राउंड फायर किए। सीसीटीवी फुटेज में हमले से पहले परिसर के पास एक सड़क पर संदिग्ध से मिलता-जुलता व्यक्ति चलते हुए दिखाई दिया है। जिस इमारत में गोलीबारी हुई, वहां से बरामद कारतूसों के खोलों को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।
मानसिक स्वास्थ्य एंगल से भी जांच
अधिकारियों का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि क्या संदिग्ध को लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं थीं। वहीं, CNN की रिपोर्ट के अनुसार, एरिक्शन ने दावा किया है कि गोलीबारी के समय वह अपने कमरे में ही मौजूद था। पुलिस उसके बयान की सत्यता की भी जांच कर रही है।
फिलहाल, ब्राउन यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की हर एंगल से गहन जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155672
Total views : 8176141