रायपुर: छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) भर्ती को लेकर वर्षों से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। वर्ष 2018 में CAF के 1786 पदों पर भर्ती निकाली गई थी, जिसमें करीब 417 उम्मीदवार वेटिंग लिस्ट में शामिल थे। इन अभ्यर्थियों को 7 साल बीतने के बाद भी नियुक्ति नहीं मिल सकी, जबकि CAF में वर्तमान में 3 हजार से अधिक पद खाली बताए जा रहे हैं।
नौकरी न मिलने से निराश कई उम्मीदवारों ने दूसरा करियर विकल्प चुन लिया है, वहीं कई अभ्यर्थी बीते सात साल से लगातार दफ्तरों और मंत्री बंगलों के चक्कर काट रहे हैं। पिछले एक महीने से CAF कैंडिडेट्स अपने परिवार और बच्चों के साथ तूता धरना स्थल पर धरने पर बैठे हुए हैं।
मंगलवार को अभ्यर्थी चौथी बार अपनी मांगों को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा के बंगले पहुंचे। इस दौरान कैंडिडेट्स और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि अभ्यर्थियों ने गृहमंत्री के बंगले का घेराव कर रखा है और वे मुलाकात व चर्चा की मांग पर अड़े हुए हैं।
कैंडिडेट्स को हटाने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इस बीच अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस महिलाओं और बच्चों के साथ जोर-जबरदस्ती कर रही है, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है। इसी बात को लेकर मौके पर विवाद भी हुआ।
प्रदर्शन कर रहे कैंडिडेट्स का साफ कहना है कि जब तक गृहमंत्री से मुलाकात नहीं होगी, वे वहां से नहीं हटेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले दो बार गृहमंत्री विजय शर्मा से अभ्यर्थियों की मुलाकात हुई थी, जिसमें उन्हें आश्वासन मिला था। हालांकि, तीसरी बार गृहमंत्री से मुलाकात नहीं हो पाई, जिसके बाद अभ्यर्थियों में नाराजगी और बढ़ गई है।
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और कैंडिडेट्स अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164973
Total views : 8190787