मुंबई: दिग्गज फिल्ममेकर रामानंद सागर के बेटे और प्रोड्यूसर आनंद सागर का 13 फरवरी को निधन हो गया। वे पिछले करीब 15 वर्षों से पार्किंसन जैसी गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
सोमवार को मुंबई में उनके लिए प्रेयर मीट का आयोजन किया गया, जिसमें कई जानी-मानी हस्तियों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान हेमा मालिनी, जया बच्चन, पूनम ढिल्लों, पूनम सिन्हा, विधु विनोद चोपड़ा, पद्मिनी कोल्हापुरे, तेजस्विनी कोल्हापुरे और सोनू निगम समेत कई हस्तियां मौजूद रहीं। सभी ने सागर परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
निधन के बाद परिवार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, “गहरे दुख के साथ सागर परिवार अपने प्रिय पिता आनंद रामानंद सागर चोपड़ा के निधन की घोषणा करता है। 13 फरवरी 2026 को उनका देहांत हो गया। वे प्रेम, सम्मान और मूल्यों से परिपूर्ण इंसान थे, जिन्होंने अपनी दयालुता और समझदारी से अनेक लोगों के जीवन को छुआ।”
आनंद सागर अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने वाली दूसरी पीढ़ी का हिस्सा थे। 1987 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुई ऐतिहासिक सीरीज रामायण के निर्माण में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। बाद में 2008 में उन्होंने ‘रामायण’ का रीमेक भी बनाया, जिसमें गुरमीत चौधरी ने भगवान राम और देबिना बनर्जी ने माता सीता की भूमिका निभाई थी।
इसके अलावा वे अलिफ लैला, ‘आंखें’ और ‘अरमान’ जैसे प्रोजेक्ट्स से भी जुड़े रहे। आनंद सागर ने बतौर निर्देशक और निर्माता कई पौराणिक व मनोरंजनात्मक धारावाहिकों और फिल्मों में योगदान दिया।
उनके निधन से टीवी और फिल्म जगत ने एक अनुभवी और संवेदनशील रचनाकार को खो दिया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8157497
Total views : 8179146