रायपुर/अम्बिकापुर। भगवान बिरसा मुण्डा की जन्म जयंती के अवसर पर अम्बिकापुर में 19 और 20 नवंबर को राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम अम्बिकापुर के पी.जी. कॉलेज मैदान में प्रातः 10 बजे से शुरू होगा। समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में 20 नवंबर को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी।
समापन समारोह में शामिल होंगे राज्यपाल और मुख्यमंत्री
20 नवंबर को होने वाले समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका अध्यक्षता करेंगे। साथ ही कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गा दास उईके, तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव और विजय शर्मा, आदिम जाति मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओमप्रकाश चौधरी, संस्कृति मंत्री रजेश अग्रवाल और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा अम्बिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, विभिन्न मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, निगम-मंडल एवं आयोग के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रबुद्धजन भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
पहले दिन संगोष्ठी, लोकनृत्य और प्रदर्शनी
19 नवंबर को समारोह के तहत कई सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें शामिल हैं—
-
जनजातीय गौरवशाली इतिहास व जननायकों पर आधारित राष्ट्रीय संगोष्ठी
-
स्वतंत्रता संग्राम में जनजातियों के योगदान विषय पर चर्चा
-
उत्तर छत्तीसगढ़ जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव
-
शहीद वीर नारायण सिंह लोककला नृत्य प्रतियोगिता
-
राज्य स्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेला
राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी सम्मान समारोह और योजना का शुभारंभ
20 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जनजातीय विद्रोहों के नायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार के सदस्यों को सम्मानित करेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा बैगा, गुनिया, हड़जोड़ सम्मान योजना का भी शुभारंभ किया जाएगा।
अम्बिकापुर में होने वाला यह समारोह जनजातीय संस्कृति, इतिहास और उनके योगदान को सम्मान देने वाला प्रदेश का एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8163353
Total views : 8188183